छन्द (Metres)

छन्द  (Metres)

वर्णो या मात्राओं के नियमित संख्या के विन्यास से यदि आहाद पैदा हो, तो उसे छंद कहते है। 

दूसरे शब्दो में-अक्षरों की संख्या एवं क्रम, मात्रागणना तथा यति-गति से सम्बद्ध विशिष्ट नियमों से नियोजित पद्यरचना 'छन्द' कहलाती है।

छंद शब्द 'छद्' धातु से बना है जिसका अर्थ है 'आह्लादित करना', 'खुश करना।'छंद का दूसरा नाम पिंगल भी है। इसका कारण यह है कि छंद-शास्त्र के आदि प्रणेता पिंगल नाम के ऋषि थे।
'छन्द' की प्रथम चर्चा ऋग्वेद में हुई है। यदि गद्य का नियामक व्याकरण है, तो कविता का छन्दशास्त्र। छन्द पद्य की रचना का मानक है और इसी के अनुसार पद्य की सृष्टि होती है।


छन्द के भेद

वर्ण और मात्रा के विचार से छन्द के चार भेद है-

(1) वर्णिक छन्द

(2) वर्णिक वृत्त 

(3) मात्रिक छन्द
(4) मुक्तछन्द

(1) वर्णिक छन्द- जिस छंद के सभी चरणों में वर्णो की संख्या समान हो। 


दूसरे शब्दों में- केवल वर्णगणना के आधार पर रचा गया छन्द 'वार्णिक छन्द' कहलाता है।

वर्णिक छंद के सभी चरणों में वर्णो की संख्या समान रहती है और लघु-गुरु का क्रम समान रहता है।

'वृतों' की तरह इसमें लघु-गुरु का क्रम निश्र्चित नहीं होता, केवल वर्णसंख्या ही निर्धारित रहती है और इसमें चार चरणों का होना भी अनिवार्य नहीं।
वार्णिक छन्द के भेद
वार्णिक छन्द के दो भेद है- (i) साधारण और (ii) दण्डक
1 से 26 वर्ण तक के चरण या पाद रखनेवाले वार्णिक छन्द 'साधारण' होते है और इससे अधिकवाले दण्डक।
प्रमुख वर्णिक छंद : प्रमाणिका (8 वर्ण); स्वागता, भुजंगी, शालिनी, इन्द्रवज्रा, दोधक (सभी 11 वर्ण); वंशस्थ, भुजंगप्रयात, द्रुतविलम्बित, तोटक (सभी 12 वर्ण); वसंततिलका (14 वर्ण); मालिनी (15 वर्ण); पंचचामर, चंचला (सभी 16 वर्ण); मन्दाक्रान्ता, शिखरिणी (सभी 17 वर्ण), शार्दूल विक्रीडित (19 वर्ण), स्त्रग्धरा (21 वर्ण), सवैया (22 से 26 वर्ण), घनाक्षरी (31 वर्ण) रूपघनाक्षरी (32 वर्ण), देवघनाक्षरी (33 वर्ण), कवित्त /मनहरण (31-33 वर्ण)।
दण्डक वार्णिक छन्द 'घनाक्षरी' का उदाहरण-
किसको पुकारे यहाँ रोकर अरण्य बीच । -13 वर्ण
चाहे जो करो शरण्य शरण तिहारे हैं।। - 15वर्ण

'देवघनाक्षरी' का उदाहरण- 
झिल्ली झनकारै पिक -8 वर्ण
चातक पुकारैं बन -8 वर्ण
मोरिन गुहारैं उठै -8 वर्ण
जुगनु चमकि चमकि -8 वर्ण
कुल- 32 वर्ण

'रूपघनाक्षरी' का उदाहरण
ब्रज की कुमारिका वे -8 वर्ण
लीनें सक सारिका ब -8 वर्ण
ढावैं कोक करिकानी -8 वर्ण
केसव सब निबाहि -8वर्ण
कुल- 32 वर्ण

साधारण वार्णिक छन्द (26 वर्ण तक का छन्द) में 'अमिताक्षर' छन्द को उदाहरणस्वरूप लिया जा सकता है। अमिताक्षर वस्तुतः घनाक्षरी के एक चरण के उत्तरांश से निर्मित छन्द है, अतः इसमें 15 वर्ण होते है और 8 वें तथा 9 वें वर्ण पर यति होती है। जैसे-
चाहे जो करो शरण्य -8 वर्ण
शरण तिहारे है -9 वर्ण
कुल-९५ वर्ण

वर्णिक छंद का एक उदाहरण : मालिनी (15 वर्ण)
वर्णो की संख्या-15, यति 8 और 7 पर 
परिभाषा-
न..........न...........म...........य...........य ..... मिले तो मालिनी होवे 
।...........।........... ।...........।........... । 
नगन......नगन......मगन.....यगण........यगण
।।।.......।।।..........ऽऽऽ.......।ऽऽ.......।ऽऽ
3........3............3............3.........3 =15 वर्ण

प्रथम चरण- प्रिय पति वह मेरा प्राण प्यारा कहाँ है ?
द्वितीय चरण- दुःख-जलनिधि-डूबी का सहारा कहाँ है ?
तृतीय चरण- लख मुख जिसका मैं आज लौं जी सकी हूँ,
चतुर्थ चरण- वह हृदय हमारा नैन-तारा कहाँ है ? (हरिऔध)
1.....2.....3.....4.....5......6......7......8.......9........10.....11........12......13.....14.....15
(प्रि).(य).(प)...(ति)...(व)...(ह)....(में)...(रा)...(प्रा).....(ण).....(प्या).....(रा).....(क).....(हाँ).....(है) 
......नगन.................नगन.............. मगन........................यगण........................यगण

(2) वार्णिक वृत्त- वृत्त उस समछन्द को कहते है, जिसमें चार समान चरण होते है और प्रत्येक चरण में आनेवाले वर्णों का लघु-गुरु-क्रम सुनिश्र्चित रहता है। गणों में वर्णों का बँधा होना प्रमुख लक्षण होने के कारण इसे वार्णिक वृत्त, गणबद्ध या गणात्मक छन्द भी कहते हैं। 9 भगण और २ गुरु का 'मत्तगयन्द सवैया' इसके उदाहरणस्वरूप है-
भगण भगण भगण भगण
ऽ।। ऽ।। ऽ।। ऽ।।
या लकुटी अरु कामरि या पर
भगण भगण भगण गग
ऽ।। ऽ।। ऽ।। ऽऽ
राज तिहूँ पुर को तजि डारौं : - कुल 9 भगण +२ गुरु=२३ वर्ण
'द्रुतविलम्बित' और 'मालिनी' आदि गणबद्ध छन्द 'वार्णिक वृत्त' है।

(3) मात्रिक छन्द- मात्रा की गणना पर आधृत छन्द 'मात्रिक छन्द' कहलाता है। 
मात्रिक छंद के सभी चरणों में मात्राओं की संख्या तो समान रहती है लेकिन लघु-गुरु के क्रम पर ध्यान नहीं दिया जाता है।

इसमें वार्णिक छन्द के विपरीत, वर्णों की संख्या भित्र हो सकती है और वार्णिक वृत्त के अनुसार यह गणबद्ध भी नहीं है, बल्कि यह गणपद्धति या वर्णसंख्या को छोड़कर केवल चरण की कुल मात्रासंख्या के आधार ही पर नियमित है। 'दोहा' और 'चौपाई' आदि छन्द 'मात्रिक छन्द' में गिने जाते है। 'दोहा' के प्रथम-तृतीय चरण में 13 मात्राएँ और द्वितीय-चतुर्थ में 11 मात्राएँ होती है। जैसे-
प्रथम चरण- श्री गुरु चरण सरोज रज - 13 मात्राएँ
द्वितीय चरण- निज मन मुकुर सुधार- 11 मात्राएँ
तृतीय चरण- बरनौं रघुबर विमल जस- 13 मात्राएँ
चतुर्थ चरण- जो दायक फल चार- 11 मात्राएँ

उपयुक्त दोहे के प्रथम चरण में 11 वर्ण और तृतीय चरण में 13 वर्ण है जबकि कुल मात्राएँ गिनने पर 13-13 मात्राएँ ही दोनों चरणों में होती है। गण देखने पर पहले चरण में भगण, नगन, जगण और दो लघु तथा तीसरे चरण में सगण , नगण, नगण, नगण है। अतः 'मात्रिक छन्द' के चरणों में मात्रा का ही साम्य होता है, न कि वर्णों या गणों का।
प्रमुख मात्रिक छंद
(A) सम मात्रिक छंद : अहीर (11 मात्रा), तोमर (12 मात्रा), मानव (14 मात्रा); अरिल्ल, पद्धरि/पद्धटिका,चौपाई (सभी 16 मात्रा); पीयूषवर्ष, सुमेरु (दोनों 19 मात्रा), राधिका (22 मात्रा), रोला, दिक्पाल, रूपमाला (सभी 24 मात्रा), गीतिका (26 मात्रा), सरसी (27 मात्रा), सार (28 मात्रा), हरिगीतिका (28 मात्रा), ताटंक (30 मात्रा), वीर या आल्हा (31 मात्रा) ।
(B) अर्द्धसम मात्रिक छंद : बरवै (विषम चरण में- 12 मात्रा, सम चरण में- 7 मात्रा), दोहा (विषम- 13, सम- 11), सोरठा (दोहा का उल्टा), उल्लाला (विषम-15, सम-13)।
(C) विषम मात्रिक छंद : कुण्डलिया (दोहा +रोला), छप्पय (रोला +उल्लाला)।
(4) मुक्तछन्द-जिस समय छंद में वर्णिक या मात्रिक प्रतिबंध न हो, न प्रत्येक चरण में वर्णो की संख्या और क्रम समान हो और मात्राओं की कोई निश्चित व्यवस्था हो तथा जिसमें नाद और ताल के आधार पर पंक्तियों में लय लाकर उन्हें गतिशील करने का आग्रह हो, वह मुक्त छंद है। 
उदाहरण- निराला की कविता 'जूही की कली' इत्यादि।

चरणों की अनियमित, असमान, स्वच्छन्द गति और भावानुकूल यतिविधान ही मुक्तछन्द की विशेषता है। इसका कोई नियम नहीं है। यह एक प्रकार का लयात्मक काव्य है, जिसमें पद्य का प्रवाह अपेक्षित है। निराला से लेकर 'नयी कविता' तक हिन्दी कविता में इसका अत्यधिक प्रयोग हुआ है।

प्रमुख छन्दों का परिचय

(1) चौपाई- यह मात्रिक सम छन्द है। इसके प्रत्येक चरण में 16 मात्राएँ होती है। चरण के अन्त में जगण (।ऽ।) और तगण (ऽऽ।) का आना वर्जित है। तुक पहले चरण की दूसरे से और तीसरे की चौथे से मिलती है। यति प्रत्येक चरण के अन्त में होती है। उदाहरणार्थ-

I I  I I  S I   S I   I I   S I I    I I   I S I   I I   S I  I S I I
जय हनुमान ग्यान गुन सागर । जय कपीस तिहु लोक उजागर।।
राम दूत अतुलित बलधामा । अंजनि पुत्र पवन सुत नामा।। 
S I  SI   I I I I    I I S S     S I I   SI  I I I  I I   S S


(2) रोला- यह मात्रिक सम छन्द है। इसके प्रत्येक चरण में 24 मात्राएँ होती हैं। इसके प्रत्येक चरण में 11 और 13 मात्राओं पर यति ही अधिक प्रचलित है। प्रत्येक चरण के अन्त में दो गुरु या दो लघु वर्ण होते हैं। दो-दो चरणों में तुक आवश्यक है। उदाहरणार्थ-
जो जगहित पर प्राण निछावर है कर पाता।
जिसका तन है किसी लोकहित में लग जाता ।।

(3) हरिगीतिका- यह मात्रिक सम छन्द है। इस छन्द के प्रत्येक चरण में 28 मात्राएँ होती हैं। 16 और 12 मात्राओं पर यति तथा अन्त में लघु-गुरु का प्रयोग ही अधिक प्रचलित है। उदाहरणार्थ-
कहती हुई यों उत्तरा के नेत्र जल से भर गए।
हिम के कणों से पूर्ण मानो हो गए पंकज नए ।।

(4) बरवै- यह मात्रिक अर्द्धसम छन्द है। इस छन्द के विषम चरणों (प्रथम और तृतीय) में 12 और सम चरणों (दूसरे और चौथे) में 7 मात्राएँ होती है। सम चरणों के अन्त में जगण या तगण आने से इस छन्द में मिठास बढ़ती है। यति प्रत्येक चरण के अन्त में होती है। जैसे-
वाम अंग शिव शोभित, शिवा उदार।
सरद सुवारिद में जनु, तड़ित बिहार ।।

(5) दोहा- यह मात्रिक अर्द्धसम छन्द है। इस छन्द के विषम चरणों (प्रथम और तृतीय) में 13 मात्राएँ और सम चरणों (द्वितीय और चतुर्थ) में 11 मात्राएँ होती है। यति चरण के अन्त में होती है। विषम चरणों के आदि में जगण नहीं होना चाहिए। सम चरणों के अन्त में लघु होना चाहिए। तुक सम चरणों में होनी चाहिए। जैसे-

   S  I I  I I I   I S I  I I    I I   I I   I I I   I S I
 श्री गुरु चरन सरोज रज, निज मन मुकुर सुधारि ।
 बरनउं रघुवर विमल जस, जो दायक फल चारि ।। 
  I I I I  I I I I  I I I    I I    S  S I I   I I   S I


(6) सोरठा- यह मात्रिक अर्द्धसम छन्द है। यह दोहे का उल्टा, अर्थात दोहे के द्वितीय चरण को प्रथम और प्रथम को द्वितीय तथा तृतीय को चतुर्थ और चतुर्थ को तृतीय कर देने से बन जाता है। इस छन्द के विषम चरणों में 11 मात्राएँ और सम चरणों में 13 मात्राएँ होती है। तुक प्रथम और तृतीय चरणों में होती है। उदाहरणार्थ-
निज मन मुकुर सुधार, श्री गुरु चरण सरोज रज।
जो दायक फल चार, बरनौ रघुबर विमल जस ।।

(7) द्रुतविलम्बित- इस वार्णिक समवृत्त छन्द के प्रत्येक चरण में नगण, भगण, भगण, रगण के क्रम में कुल 12 वर्ण होते हैं। उदाहरण-
न जिसमें कुछ पौरुष हो यहाँ,
सफलता वह पा सकता कहाँ ?

(8) मालिनी- इस वार्णिक समवृत्त छन्द के प्रत्येक चरण में नगण, नगण, भगण, यगण, यगण के क्रम से कुल 15 वर्ण होते है तथा 7-8 वर्णों पर यति होती है उदाहरणार्थ-
पल-पल जिसके मैं पन्थ को देखती थी, 
निशिदिन जिसके ही ध्यान में थी बिताती।


(9) मन्दाक्रान्ता- इस वार्णिक समवृत्त छन्द के प्रत्येक चरण में मगण, भगण, नगण, तगण, तगण और दो गुरु के क्रम से 17 वर्ण होते है तथा 10-7 वर्णों पर यति होती है। जैसे-
फूली डालें सुकुसुममयी तीय की देख आँखें। 
आ जाती है मुरलिधर की मोहिनी मूर्ति आगे।

Comments

Popular posts from this blog

संधि विच्छेद

अनेक शब्दों के लिए एक शब्द

उपसर्ग (Prefixes)